Showing posts with label Rice Recipes. Show all posts
Showing posts with label Rice Recipes. Show all posts

Monday, 13 November 2017

सवां के चावल का पुलाव - Sama Rice or Samvat Rice Pulao

नवरात्रि में सभी श्रद्धालु सात्विक भोजन करते हैं. व्रत के लिये हम समा चावल बनाते है. इन्हें समा (Sama Rice or Samvat Rice) चावल कहते हैं. ये आकार में सामान्य चावलों से बहुत छोटे होते हैं.
समा चावल का पुलाव (Vrat Rice Pulav) बना लीजिये और यदि आप मीठा पसन्द करते हैं तो इनके खीर (Sama Rice or Vrat Rice Kheer Recipe) बना लीजिये.  आईये आज व्रत के चावल बनायें

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Vrat Rice Pulav

  • संवा के चावल - 100 ग्राम(आधा कप)
  • पानी - 300 ग्राम ( 1 1/2 कप )
  • घी - 1 टेबल स्पून
  • जीरा - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • काली मिर्च -3-4
  • लौंग -1-2
  • बड़ी इलाइची - 2
  • काजू - 10-12
  • बादाम - 8
  • किसमिस - 20
  • सेधा नमक - स्वादानुसार(आधा छोटी चम्मच)

विधि - How to make Vrat Rice Pulav

चावल को साफ कीजिये, अच्छी तरह धोइये, 20 मिनिट के लिये पानी में भिगो दीजिये.
काली मिर्च, लौंग, बड़ी इलाइची को दरदरा कूट लीजिये. काजू और बादाम को 2 टुकड़ों में काट लीजिये. किसमिस के डंठल तोड़ कर अलग कर लीजिये.
किसी बर्तन में एक टेबल स्पून घी डालकर गरम कीजिये, गरम घी में काजू, बादाम, किसमिस डालकर हल्के गुलाबी होने तक भून कर एक प्लेट में निकाल लीजिये.
बचे हुये घी में जीरा डालकर भूनिये, कुटे हुये काली मिर्च, लौंग, इलाइची भी डालकर थोड़ा सा भूनिये,  पानी और सैंधा नमक डाल दीजिये, पानी में उबाल आने के बाद  सवां के चावल डालिये, फिर से उबाल आने पर गैस धीमी कर दीजिये, 3-4 काजू और 2 बादाम सजाने के लिये बचाकर सारे काजू, बादाम, किसमिस भी मिला दीजिये और सवां चावल नरम होने तक पकाइये.

सवां के चावल का पुलाव बन चुका है. पुलाव को प्याले में निकालिये और ऊपर से काजू बादाम डालकर सजाइये, लीजिये ये सवां के चावल का पुलाव आप अपने व्रत में खाइये और परोसिये.
2 -3 सदस्यों के लिये,
समय 20 मिनिट


समा चावल खिचडी - Samvat Rice Khichdi navratri Special

व्रत में उपयोग होने वाले खास चावल से बनने वाली विविध प्रकार के व्यंजनों में से सबसे आसानी और जल्दी से तैयार होने वाली डिश - समा चावल खिचड़ी.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Farali Samak or Morthan Khichdi

  • समा के चावल - ½ कप (100 ग्राम) 
  • आलू - 2 (100 ग्राम) 
  • मूंगफली के दाने - 2-3 टेबल स्पून 
  • घी - 3-4 टेबल स्पून 
  • हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ) 
  • जीरा - ½ छोटी चम्मच 
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई) 
  • काली मिर्च - 8-10 (दरदरी कुटी हुई)
  • सेंधा नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Samvat Rice Khichdi navratri Special

समा के चावल को साफ कीजिये, अच्छी तरह धोइये और आधे घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिये. आधे घंटे बाद अतिरिक्त पानी हटाकर चावल ले लीजिए.
समा के चावल बनाने के लिए किसी बर्तन में 2 छोटे चम्मच घी डालकर गरम कीजिये. गरम घी में 1/2 छोटी चम्मच जीरा डाल कर भून लीजिए. जीरा भुन जाने पर इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और दरदरी कुटी काली मिर्च डालकर हल्का सा भून लीजिए.
फिर इसमें चावल डाल दीजिए और चावल को लगातार चलाते हुए 1-2 मिनिट भून लीजिए. इसके बाद इन चावल में 2 कप पानी और सेंधा नमक डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. खिचड़ी़ को ढककर 3-4 मिनिट तक मध्यम आंच पर पकने दीजिए. बीच-बीच में खिचड़ी को चला दीजिए.

इसी बीच, आलू को छीलकर धो लीजिए और छोटे छोटे टुकड़ों में काट लीजिए.

एक दूसरे पैन को गैस पर रखकर गरम कीजिए. पैन में 3-4 छोटे चम्मच घी डालकर गरम होने दीजिए. घी के गरम होने पर इसमें आलू डाल दीजिए. आलू को थोडा़ सा नरम और क्रिस्पी होने तक तलकर निकाल लीजिए. खिचड़ी को भी बीच-बीच में चलाते हुए चैक करते रहें. खिचड़ी बनकर तैयार होते ही, गैस बंद कर दीजिए.
घी में मूंगफली के दाने डाल कर इन्हें भी भून लीजिए. मूंगफली के दाने भून कर तैयार है. चावलों को चैक कीजिए खिचड़ी अगर अधिक गाढ़ी लग रही हो तो, आप इसमें पानी की मात्रा अपने अनुसार कम या ज्यादा जैसी रखना चाहें रख सकते हैं.

खिचड़ी़ में पानी डालने के लिए पौना कप पानी को मूंगफली के दानों के साथ डालकर उबाल लीजिए और फिर उबले हुए पानी और मूंगफली को खिचड़ी में डाल दीजिए. खिचड़ी को गैस पर रखिए और साथ ही फ्राय किए हुए आलू भी डालकर मिक्स कर दीजिए.

खिचड़ी में थोड़ा सा हरा धनिया डालकर मिला दीजिए. सभी चीजें अच्छे से मिक्स हो जाने के बाद गैस बंद कर दीजिए. खिचड़ी़ को प्याले में निकाल लीजिए. खिचड़ी के ऊपर थोड़ा सा घी डाल दीजिए. घी डालने से खिचड़ी का स्वाद और भी बढ़ जाता है और थोड़ा सा हरा धनिया डालकर खिचड़ी को सजाएं.

गरमागरम समा चावल की खिचड़ी बनकर तैयार है. खिचड़ी को आप दही, व्रत की चटनी, रायता या जिसके साथ चाहें परोस सकते हैं.
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...