Showing posts with label Navratri Vrat Recipe. Show all posts
Showing posts with label Navratri Vrat Recipe. Show all posts

Monday, 13 November 2017

समा के चावल की चकली - Samo Rice Chakli for Vrat

समा के चावल से व्रत के कई प्रकार के खाने बनाये जाते हैं. समा के चावल से बनी चकली उतनी ही अच्छी होती है, जितनी कि सामान्य चावल की चकली होती हैं. इसकी शेल्फ लाइफ भी अधिक होती है

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sama Rice Chakli for Vrat

  • समा के चावल - 125 ग्राम (3/4 कप )
  • जीरा ½ छोटी चम्मच
  • सेंधा नमक - ½ छोटी चम्मच और स्वादानुसार
  • तिल - 1 छोटी चम्मच
  • काली मिर्च - ½ छोटी चम्मच (ताजा कुटी हुई)
  • तेल - 1 टेबल स्पून
  • तेल - चकली तलने के लिए

विधि - How to make Farali Chakli with Sama Rice

समा के चावलों को धोकर 2 घंटे के लिए पानी में भिगो कर रख दीजिए. इसके बाद अतिरिक्त पानी निकाल कर इन्हें बिना पानी डाले मिक्सर में बिल्कुल हल्का दरदरा पीस बना लीजिये, अगर आवश्यकता हो तब 1-2 छोटी चम्मच पानी डाला जा सकता है.
पैन को गैस पर रखें, इसमें चावल का पेस्ट और एक छोटी चम्मच तेल डालकर 1 से 2 मिनट लगातार चलाते हुए, मीडियम फ्लेम पर, हल्का सा भून लीजिए. पेस्ट को इतना गाढ़ा कर लीजिये कि वह गुथे आटे के जैसा हो जाय.
इस आटे को प्याले में निकाल लीजिए हल्का सा ठंडा होने पर, इसमें जीरा, तिल, सेंधा नमक काली मिर्च डालकर आटे को अच्छा चिकना होने तक मसल-मसल कर नरम आटा गूंथ लीजिए. चकली बनाने के लिये आटा तैयार है.

चकली बनाएं-
गूंथे हुये आटे से थोड़ा सा आटा निकालिये और लम्बा आकार देते हुये आटे को चकली की मशीन (Cookie Press) में डालिये. मशीन को बन्द कीजिये. कोई मोटी पोलिथिन शीट लेकर किचन टाप पर बिछाइये और चकली मशीन को दबाते हुये, गोल घुमाते हुये, गोल चकली पोलिथिन सीट पर बनाइये, 7- 8 चकली बनाकर पोलिथिन सीट पर तैयार कर लीजिये.

चकली तलें-
कढ़ाई में तेल डालकर, चकली तलने के लिये मीडियम गरम तेल कीजिये. पोलिथिन शीट से चकली इस तरह उठाइये कि चकली अपने आकार में रहे, चकली उठाकर गरम तेल में डालिये. चकली को मीडियम और मीडियम हाई आग पर तलिये. जितनी चकली तेल में एक बार में तली जा सकें उतनी चकली डाल दीजिये और पलट कर चकली को गोल्डन ब्राउन होने तक तल कर निकाल कर, प्लेट में बिछे टिशु पेपर पर रखिये. सारे आटे से इसी तरह सारी चकली बना कर तैयार कर लीजिये.
व्रत के लिए चकली बनकर तैयार हैं. चकली को पूरी तरह ठंडा होने के बाद, एअर टाइट कन्टेनर में रख लीजिये, डिब्बे से चकली निकालिये और महिने भर जब भी आपका मन करे खाइये.

सुझाव -
चकली के लिये आटा मीडियम नरम गूथिये. आटा बहुत ज्यादा नरम न हों और बहुत ज्यादा सख्त न हो. आटा ज्यादा नरम होने पर चकली एकदम चिपकेगी और सख्त होने पर चकली जल्दी से टूट जायेगी.

समा चावल खिचडी - Samvat Rice Khichdi navratri Special

व्रत में उपयोग होने वाले खास चावल से बनने वाली विविध प्रकार के व्यंजनों में से सबसे आसानी और जल्दी से तैयार होने वाली डिश - समा चावल खिचड़ी.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Farali Samak or Morthan Khichdi

  • समा के चावल - ½ कप (100 ग्राम) 
  • आलू - 2 (100 ग्राम) 
  • मूंगफली के दाने - 2-3 टेबल स्पून 
  • घी - 3-4 टेबल स्पून 
  • हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ) 
  • जीरा - ½ छोटी चम्मच 
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई) 
  • काली मिर्च - 8-10 (दरदरी कुटी हुई)
  • सेंधा नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Samvat Rice Khichdi navratri Special

समा के चावल को साफ कीजिये, अच्छी तरह धोइये और आधे घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिये. आधे घंटे बाद अतिरिक्त पानी हटाकर चावल ले लीजिए.
समा के चावल बनाने के लिए किसी बर्तन में 2 छोटे चम्मच घी डालकर गरम कीजिये. गरम घी में 1/2 छोटी चम्मच जीरा डाल कर भून लीजिए. जीरा भुन जाने पर इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और दरदरी कुटी काली मिर्च डालकर हल्का सा भून लीजिए.
फिर इसमें चावल डाल दीजिए और चावल को लगातार चलाते हुए 1-2 मिनिट भून लीजिए. इसके बाद इन चावल में 2 कप पानी और सेंधा नमक डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. खिचड़ी़ को ढककर 3-4 मिनिट तक मध्यम आंच पर पकने दीजिए. बीच-बीच में खिचड़ी को चला दीजिए.

इसी बीच, आलू को छीलकर धो लीजिए और छोटे छोटे टुकड़ों में काट लीजिए.

एक दूसरे पैन को गैस पर रखकर गरम कीजिए. पैन में 3-4 छोटे चम्मच घी डालकर गरम होने दीजिए. घी के गरम होने पर इसमें आलू डाल दीजिए. आलू को थोडा़ सा नरम और क्रिस्पी होने तक तलकर निकाल लीजिए. खिचड़ी को भी बीच-बीच में चलाते हुए चैक करते रहें. खिचड़ी बनकर तैयार होते ही, गैस बंद कर दीजिए.
घी में मूंगफली के दाने डाल कर इन्हें भी भून लीजिए. मूंगफली के दाने भून कर तैयार है. चावलों को चैक कीजिए खिचड़ी अगर अधिक गाढ़ी लग रही हो तो, आप इसमें पानी की मात्रा अपने अनुसार कम या ज्यादा जैसी रखना चाहें रख सकते हैं.

खिचड़ी़ में पानी डालने के लिए पौना कप पानी को मूंगफली के दानों के साथ डालकर उबाल लीजिए और फिर उबले हुए पानी और मूंगफली को खिचड़ी में डाल दीजिए. खिचड़ी को गैस पर रखिए और साथ ही फ्राय किए हुए आलू भी डालकर मिक्स कर दीजिए.

खिचड़ी में थोड़ा सा हरा धनिया डालकर मिला दीजिए. सभी चीजें अच्छे से मिक्स हो जाने के बाद गैस बंद कर दीजिए. खिचड़ी़ को प्याले में निकाल लीजिए. खिचड़ी के ऊपर थोड़ा सा घी डाल दीजिए. घी डालने से खिचड़ी का स्वाद और भी बढ़ जाता है और थोड़ा सा हरा धनिया डालकर खिचड़ी को सजाएं.

गरमागरम समा चावल की खिचड़ी बनकर तैयार है. खिचड़ी को आप दही, व्रत की चटनी, रायता या जिसके साथ चाहें परोस सकते हैं.
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...